हरियाली की ओर बढ़ा चम्पारण, टीम HAVO ने शुरू किया ‘ग्रीन ड्राइव 2026
अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संगठन टीम HAVO द्वारा अपने महत्वाकांक्षी पौधरोपण अभियान “चम्पारण ग्रीन ड्राइव 2026” की औपचारिक शुरुआत की गई।

हरियाली की ओर बढ़ा चम्पारण, टीम HAVO ने शुरू किया ‘ग्रीन ड्राइव 2026’
मोतिहारी। बढ़ते प्रदूषण, लगातार बढ़ रहे तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संगठन टीम HAVO द्वारा अपने महत्वाकांक्षी पौधरोपण अभियान “चम्पारण ग्रीन ड्राइव 2026” की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान अभियान का पोस्टर एवं ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जारी कर इसे आम जनता के लिए लाइव किया गया। संगठन द्वारा बताया गया कि पिछले तीन वर्षों से संचालित यह अभियान चम्पारण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अभियान को मिले व्यापक जनसमर्थन और सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इस वर्ष भी पूर्वी एवं पश्चिमी चम्पारण के लोगों के लिए निःशुल्क पौध वितरण कार्यक्रम शुरू किया गया है।
संगठन प्रमुख अतीकुर रहमान ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि “चम्पारण ग्रीन ड्राइव” का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना, हरित वातावरण का निर्माण करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक टीम HAVO की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद अगले दो सप्ताह के भीतर आवेदकों को संगठन के निकटतम कार्यालय अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान के तहत लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र के कारण पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लगाया गया एक पौधा भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है। इस अवसर पर संगठन के प्रशासनिक अध्यक्ष शाहिद अनवर, नुमान जेया, अनीस अहमद, मोहम्मद गुफरान आलम, असलम आलम सहित संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। “चम्पारण ग्रीन ड्राइव 2026” के माध्यम से इस वर्ष भी हजारों पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे चम्पारण को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।



